Katihar News:-प्राणपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 559.200 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से एक बलोरो पिकअप, दो मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान टनटन कुमार सिंह उर्फ राम सिंह (29 वर्ष), अभिजीत कुमार (30 वर्ष) और राहुल कुमार साव (30 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी कटिहार जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक बलोरो पिकअप बंगाल से शराब की बड़ी खेप लेकर प्राणपुर थाना क्षेत्र की ओर आने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बेलगाछी एनएच-31 के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक पिकअप और दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच युवक पहुंचे। जांच में पिकअप से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
प्राणपुर थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 198/25 दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

