Katihar News:-बिहार के कटिहार जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। यह हादसा कुर्सेला थाना क्षेत्र के कबीर मठ के पास हुआ, जब ग्रामीण अपने मवेशी चराने गए थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। उसी दौरान चरागाह में मौजूद अखिलेश मंडल, धीरेन्द्र मंडल और गोपी मंडल आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर कुर्सेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों मृतक तीनघरिया गांव के निवासी थे और सभी की उम्र लगभग 50 वर्ष थी।
स्थानीय प्रशासन ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि बरसात और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। खुले मैदान, पेड़ या पानी के स्रोतों के पास जाने से बचने की अपील की गई है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत मद से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक साथ तीन लोगों की दर्दनाक मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है और गांव के लोग शोकाकुल हैं।

