Palamu News:- मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के मुस्लिमनगर स्थित गौसिया मदरसा के पास शुक्रवार देर रात जमीन विवाद को लेकर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। इस फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में अपने घरों में दुबक गए। हालांकि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी है, लेकिन हवाई फायरिंग के चलते माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमजद खान, तनवीर साह (निवासी — साईं मुहल्ला) और मोहित चौधरी (निवासी — आजादनगर सुदना) के रूप में की गई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 8 एमएम की 6 जिंदा गोलियां, 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां, 7.65 एमएम के तीन खोखे और 8 एमएम का एक खोखा बरामद किया। बताया गया कि अमजद और मोहित के पास से अवैध हथियार मिले, जबकि तनवीर के पास गोलियां बरामद की गईं।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि गौसिया मदरसा के पास रहने वाले सोनू खान से जमीन विवाद को लेकर इन तीनों ने गोलियां चलाई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्टेशन रोड की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार अमजद और सोनू दोनों जमीन कारोबार से जुड़े हुए हैं और इनके बीच पिछला विवाद चल रहा था। अमजद पर पूर्व में भी चैनपुर थाना क्षेत्र में जमीन कब्जा व रंगदारी के साथ आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। जेल से हाल ही में छूटकर आने के बाद उसने फिर से विवाद को हवा दी।
इस कार्रवाई में शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में टीओपी वन प्रभारी इन्द्रदेव पासवान और पुलिस बल के कई जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इनके पास हथियार कहां से आए और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

