Palamu News:- जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर लालगंज में हुई एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सुपारी लेकर हत्या की साजिश रचने वाले अपराधी हसन अली की ही हत्या उसके निशाने पर रहे लोगों ने कर दी। घटना 18 अक्टूबर को हुई थी, जबकि शनिवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, तीन गोली, एक बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि मृतक हसन अली ने शाहपुर के निवासी एकराम कुरैशी की हत्या करने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी ली थी, जिसमें से ढाई लाख रुपये उसने एडवांस में ले लिए थे। बताया गया कि यह सुपारी जमीन विवाद से जुड़ी थी।
इसी बीच एकराम के भतीजे इजहार खान और सद्दाम अंसारी को हसन की साजिश की जानकारी मिल गई। दोनों ने उसकी रेकी शुरू की और दिनचर्या पर नजर रखी। 18 अक्टूबर को जब हसन अपने साथी विनय अग्रवाल के साथ शाहपुर पहुंचा, तो मोबारक अंसारी और उसके साथियों ने उसे रोककर मारपीट की। इसके बाद इजहार और सद्दाम ने हसन को बाइक पर बीच में बैठाकर लालगंज ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी।
एसपी ने बताया कि 24 अक्टूबर को गुप्त सूचना पर पुलिस ने इजहार और सद्दाम को मंगरदाहा घाटी से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और गोली बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल किया। पुलिस ने तीसरे आरोपी मोबारक अंसारी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि सुपारी देने वाले की भूमिका की जांच जारी है।
मृतक हसन अली का अपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका था। अन्य आरोपियों सद्दाम और मोबारक के खिलाफ भी चैनपुर थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, अनुसंधानकर्ता बाबूलाल दुबे, रंजीत बिलुंग और अनिल विद्यार्थी की भूमिका रही।

