Palamu News:- हुसैनाबाद अनुमंडल के पथरा पंचायत में सोमवार की रात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, पहला मामला चनकार कस्तूरी गांव के नोनियाडीह टोला का है। यहां कपिल चौहान परिवार के साथ नातिन की शादी में गए हुए थे। इस अवसर का फायदा उठाकर चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ दिया। चोर बक्सा और सूटकेस लेकर करीब 500 मीटर दूर सोनगाहा आहर पहुंचे और वहां कीमती सामान निकाल लिया। बाद में खाली बक्सा व अन्य सामान आहर में फेंककर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों ने संदेह होने पर इसकी सूचना कपिल चौहान और पुलिस को दी।
इसी क्रम में, पथरा गांव में चोरों ने रमेश राम के घर को भी निशाना बनाया। बताया गया कि परिवार गहरी नींद में था, तभी चोरों ने घर का ताला और कुंडी बाहर से बंद कर दी और पास के खाली घर में सेंध लगाकर लाखों के कीमती सामान चुरा लिए।
इसके अलावा, शादी में गए सुदामा चौहान के घर पर भी चोरी की घटना घटी। चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर कैश और जेवर सहित अन्य मूल्यवान सामान गायब कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और गांव की हर गतिविधि पर पहले से नजर रखे हुए थे। पथरा पंचायत में एक ही रात में चार घरों पर धावा बोलने से ग्रामीण काफी भयभीत हैं।
सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पंचायत के मुखिया नरेश पासवान ने प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और चोरी की वारदातों को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस चोर गिरोह की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

