Ramgarh News:- झारखंड के रामगढ़ शहर में बुधवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। ड्यूटी के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक सिक्योरिटी गार्ड ने अपने ही साथी की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना कॉलेज के समीप निर्माणाधीन अपार्टमेंट की है। मृतक की पहचान बाजार समिति निवासी सुनील सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी गार्ड शंकर महतो रजरप्पा थाना क्षेत्र के बहातु जमीरा गांव का रहने वाला है।
घटना के बाद शंकर महतो ने जो किया, उसने सभी को चौंका दिया। हत्या करने के बाद वह जरा भी नहीं घबराया। उसने कुल्हाड़ी कमरे में रखी, साइकिल उठाई और सीधे रामगढ़ थाना पहुंचकर खुद आत्मसमर्पण कर दिया। थाने में उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने सहयोगी सुनील सिंह की हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की गई है।
पुलिस पूछताछ में शंकर महतो ने बताया कि वह लंबे समय से अपने वेतन को लेकर परेशान था। जितना काम कराया जाता था, उसके बदले उसे कम पैसे दिए जाते थे। इस पर से सुनील सिंह अक्सर मालिक से उसकी शिकायत भी करता था, जिसकी वजह से उसे कई बार डांट खानी पड़ती थी। बुधवार को भी इसी तरह की बातों से नाराज होकर शंकर ने शराब पी और नशे की हालत में सुनील पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
कई वार सिर और कनपटी पर पड़ने से सुनील सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

