आयुष को नारायणी नदी में पुल से नीचे फेंक दिया था
Motihari News: जिले के रक्सौल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम संबंध की दुश्मनी में एक छह वर्षीय मासूम की जान ले ली गई। सात दिन पहले लापता हुआ बच्चा आयुष अब इस दुनिया में नहीं है। इस दर्दनाक हत्या का खुलासा तब हुआ जब पुलिस और परिजनों की लगातार तलाश के बाद आरोपी मनोहर को नेपाल से गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, आयुष के लापता होने के दिन से ही मनोहर नामक व्यक्ति भी गायब था। मनोहर, जोकियारी पंचायत की आशा कार्यकर्ता रेणु देवी का पति है, वहीं रेणु देवी और रक्सौल अनुमंडलीय अस्पताल में कार्यरत प्रेम राज के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध की चर्चा थी। इस बात को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई थी।
मनोहर को अपने वैवाहिक जीवन के टूटने का दोष प्रेम राज पर था। इसी गुस्से और बदले की भावना में उसने प्रेम राज के बेटे आयुष को अगवा कर लिया और उसे नेपाल के नारायणघाट ले गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने आयुष को नारायणी नदी में पुल से नीचे फेंक दिया।
इस खुलासे से परिजनों और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मुखिया राजु महतो और सरपंच मुस्तजाब आलम की मदद से मनोहर की तलाश शुरू हुई थी। आखिरकार मनोहर को नेपाल में पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सच्चाई की जांच शुरू कर दी है। रक्सौल थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि मनोहर के बयान की पुष्टि के लिए उसे घटनास्थल पर ले जाया गया है और नेपाल पुलिस के साथ मिलकर आयुष की तलाश की जा रही है। यह घटना न सिर्फ एक मासूम की हत्या का मामला है, बल्कि यह समाज में प्रेम संबंधों और पारिवारिक टूट-फूट के खतरनाक नतीजों को भी सामने लाती है।

