Patna News: राजधानी पटना में चर्चित बंटी यादव अपहरण एवं हत्या कांड के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बसिया को गुरुवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुद्ध कॉलोनी थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी।
इस खबर को भी पढ़ें : क्या AI छीन लेगा नौकरी या देगा नया करियर? जानिए भविष्य की असली तस्वीर
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि सात जुलाई 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिली थी। बाद में उसका शव अथमलगोला थाना क्षेत्र से बरामद हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बसिया नाव के जरिए नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने संभावित घाटों पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, जब टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की एक गोली पुलिस वाहन में लगी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
घायल आरोपी को तुरंत पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया है। बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि रवीश उर्फ बसिया का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। प्रारंभिक जांच में इस हत्या के पीछे वर्चस्व की लड़ाई का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा हो सके। एसएसपी ने बताया कि बंटी यादव और कुख्यात बिसिया के बीच इलाके में वर्चस्व की खूनी जंग चल रही थी।बिसिया हाल ही में शराब तस्करी के मामले में जेल की हवा खाकर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद बिसिया के जेहन में यह वहम बैठ गया था कि बंटी यादव की मुखबिरी के कारण ही उसे जेल जाना पड़ा था। इसी तनाव के चलते दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस भी हुई थी, जिसके साक्ष्य पुलिस को मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


