Khunti News:- खूंटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के कुमांग गांव में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। 16 वर्षीय किशोरी सरस्वती कुमारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के अनुसार यह वारदात उसके प्रेमी प्रेमचंद साहू ने अंजाम दिया, जो लापुंग थाना क्षेत्र के मालगो गांव का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार सरस्वती और प्रेमचंद की पहचान करीब दो साल पहले फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और सरस्वती पिछले तीन महीने तक प्रेमचंद के साथ उसके घर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। लेकिन इस दौरान उसे लगातार मारपीट और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। परेशान होकर छह सितंबर को वह अपने मायके कुमांग लौट आई थी।
यही बात प्रेमचंद को नागवार गुजरी। शनिवार को वह बाइक से कुमांग पहुंचा और सरस्वती तथा उसकी मां को दौड़ाने लगा। अफरातफरी के बीच सरस्वती उसकी पकड़ में आ गई। इसी दौरान प्रेमचंद ने चाकू निकालकर बेरहमी से वार कर दिया। गंभीर हालत में सरस्वती को 108 एम्बुलेंस से रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित प्रेमचंद पहले से शादीशुदा है और अपनी पत्नी को छोड़ चुका था। इसके बाद ही उसने फेसबुक पर सरस्वती से दोस्ती कर उसे अपने साथ रखा था। बताया जाता है कि सरस्वती के परिजन भी कई बार उसे घर वापस लाने पहुंचे थे, लेकिन प्रेमचंद के डर से वह नहीं लौट पाई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि सरस्वती किसी तरह तीन महीने बाद घर लौटी थी, लेकिन प्रेमचंद की नाराजगी ने आखिरकार उसकी जान ले ली। फिलहाल पुलिस ने आरोपित की तलाश तेज कर दी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

