Jamshedpur News:– गोलमुरी थाना क्षेत्र में कन्हैया यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद गुरुवार को शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोलमुरी-टिनप्लेट मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गोलमुरी मुख्य मार्ग पर जुट गए और रास्ता अवरुद्ध कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों का गुस्सा मुख्य आरोपित बिल्ला पाठक के खिलाफ साफ नजर आया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक पुलिस ठोस कदम नहीं उठाती, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और अपराधियों पर नियंत्रण रखने में विफल रहने का आरोप लगाया।
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया तथा शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, हालांकि लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।
उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह गोलमुरी थाना के समीप ही अपराधियों ने कन्हैया यादव को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

