वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण में भारी अनियमितताएं हो रही हैं,शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है
Patna News: महागठबंधन के प्रमुख नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। पटना में रविवार को प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण में भारी अनियमितताएं हो रही हैं और उनकी पार्टी की शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और बिहार में निष्पक्ष चुनाव कराने में असफल साबित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि खुद महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं का अब तक वोटर लिस्ट में पुनरीक्षण नहीं हुआ है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत बताया।
उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा दिए जा रहे आंकड़ों को भी खारिज किया। आयोग के मुताबिक 70 प्रतिशत से अधिक फॉर्म जमा हो चुके हैं, लेकिन तेजस्वी ने कहा कि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। कई स्थानों पर फॉर्म खुले में पड़े हुए हैं और फार्म वितरण में भारी लापरवाही सामने आ रही है।
तेजस्वी यादव ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि बिहार में फ्लाईओवर और सार्वजनिक स्थानों पर वोटर लिस्ट के फॉर्म बिखरे हुए हैं। उन्होंने एक अखबार की कटिंग भी साझा की जिसमें लिखा गया है कि देवघर में एक जलेबी विक्रेता के पास वोटर लिस्ट का फॉर्म पहुंच गया। उन्होंने यह भी कहा कि पटना के गांधी मैदान में फॉर्म फेंके जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
तेजस्वी ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना का भी आरोप लगाया और कहा कि आयोग को पारदर्शिता के साथ जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार की जनता आर-पार की लड़ाई लड़ेगी और लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने देगी।

