तेज प्रताप की नई पार्टी का पोस्टर जारी, राबड़ी-लालू की तस्वीर नदारद
Patna News: बिहार की राजनीति में एक और नया मोड़ सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने शुक्रवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया। विधानसभा चुनाव 2025 से पहले इस कदम ने प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है।
तेज प्रताप यादव ने अपने फेसबुक और एक्स (ट्विटर) हैंडल के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की। उन्होंने खुद को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित करते हुए कहा कि यह संगठन पूरी तरह बिहार के समग्र विकास के लिए समर्पित होगा। खास बात यह है कि इस नई पार्टी का चुनाव चिन्ह ब्लैकबोर्ड रखा गया है।
तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी का एक पोस्टर भी जारी किया है। इस पोस्टर में सबसे बड़ी चर्चा की वजह यह रही कि इसमें उनके माता-पिता—लालू यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी—की तस्वीर शामिल नहीं की गई है। पोस्टर में पीले और हरे रंग को खास महत्व दिया गया है। इन रंगों के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन और नई व्यवस्था की झलक दिखाने का प्रयास किया गया है।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने लिखा, “हम लोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूरी तरह समर्पित और तत्पर हैं। हमारा उद्देश्य प्रदेश में संपूर्ण बदलाव लाकर एक नई व्यवस्था का निर्माण करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हम लंबी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।”
तेज प्रताप की इस घोषणा ने न केवल राजद कार्यकर्ताओं के बीच नई हलचल पैदा कर दी है, बल्कि बिहार की राजनीतिक बिसात पर भी नए समीकरण बनने के संकेत दे दिए हैं। अब देखना यह होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव की यह नई पार्टी कितनी मजबूती से अपने अस्तित्व का अहसास कराती है।

