Araia News:- अररिया में बीपीएससी शिक्षिका शिवानी कुमारी की निर्मम हत्या ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इसी घटना के विरोध में बुधवार देर शाम शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत शिक्षिका को श्रद्धांजलि दी और न्याय की जोरदार मांग की। नरपतगंज प्रखंड की इस घटना को लेकर आम लोगों में भी गहरा आक्रोश देखा गया।
कैंडल मार्च में शामिल बड़ी संख्या में शिक्षक और नागरिक एकजुट होकर आगे बढ़े। मार्च के बाद शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल एसपी अंजनी कुमार से मिला और विस्तृत बातचीत की। इसके बाद उन्होंने सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह से भी मुलाकात की और शिक्षिका की हत्या में शामिल दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग रखी। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस मामले में कठोरतम कार्रवाई हो, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
मार्च में मौजूद जिला पार्षद सबा ने कहा कि शिवानी कुमारी की हत्या न केवल प्रदेश के लिए शर्मनाक है बल्कि बाहर से आकर यहां सेवा दे रहे शिक्षकों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे और किसी भी अपराधी को कानून का भय रहे।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह तब घटना घटी जब शिवानी कुमारी स्कूटी से स्कूल जा रही थीं। रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शिवानी फारबिसगंज अस्पताल रोड में रहती थीं और प्रतिदिन स्कूटी से अपने स्कूल जाती थीं। उनकी अचानक हुई मौत से परिजन, सहकर्मी और छात्र गहरे सदमे में हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद जिले के शिक्षकों ने एक सुर में कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, उनकी आंदोलन जारी रहेगा। सभी की मांग है कि शिवानी को न्याय मिले और ऐसे दरिंदों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

