Nalanda News:- नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोरारपुर में सफाई नहीं करने पर एक शिक्षक ने छात्र के साथ ऐसी बर्बरता की, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्कूल में सफाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान शिक्षक निखिल कुमार ने छात्रों को झाड़ू लगाने का निर्देश दिया। आरोप है कि सूरज कुमार नामक छात्र ने बरामदे में झाड़ू नहीं लगाया, जिससे गुस्से में आकर शिक्षक ने उसे बेरहमी से पीटा। पिटाई इतनी गंभीर थी कि छात्र का पैर टूट गया।
पीड़ित छात्र के पिता प्रकाश कुमार रविदास ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि सूरज के साथ-साथ आयुष और गोल्डन नामक दो और बच्चों की भी पिटाई की गई। घायल सूरज को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने फ्रैक्चर की पुष्टि की है।
घटना के विरोध में बुधवार को ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल का घेराव किया और आरोपी शिक्षक को सामने लाने की मांग की। हालांकि, घटना के बाद से वह फरार है।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि मामले में शिक्षक पर जातिसूचक गाली देने का भी आरोप है। घटना की गंभीरता को देखते हुए इसे अनुसूचित जाति एवं जनजाति थाना में दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
यह घटना शिक्षा प्रणाली में मौजूद खामियों और शिक्षकों के अमानवीय व्यवहार को उजागर करती है। अब देखना यह है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ कब और क्या कार्रवाई होती है।

