Saran News:- सारण पुलिस ने कर्तव्य में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के आरोपों में डोरीगंज थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विभाग भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्यरत है।
सूत्रों के अनुसार अमित कुमार ने 12 नवंबर को 10 दिनों के आकस्मिक अवकाश का आवेदन दिया था, लेकिन अवकाश स्वीकृत नहीं होने के बावजूद वह 17 नवंबर से कर्तव्य से अनुपस्थित चल रहे हैं। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद पाया गया। इस संबंध में डोरीगंज थाना में सनहा दर्ज कराया गया है।
मुसेपुर निवासी बबलू कुमार यादव ने सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार पर 50 हजार रुपये की अवैध मांग करने और डराने-धमकाने का आरोप लगाया था। निगरानी विभाग द्वारा की गई सत्यापन जांच में यह आरोप 04 नवंबर को सही पाया गया। इसके बाद उनके खिलाफ निगरानी थाना कांड संख्या 96/25 दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा प्राप्त रिपोर्ट और जांच प्रतिवेदन के आधार पर 17 नवंबर से उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है। साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर विभागीय कार्यवाही के संदर्भ में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस एक अनुशासित बल है और इस प्रकार का आचरण विभाग की छवि को धूमिल करता है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

