Koderma News:- जिले के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र अंतर्गत स्थित ग्रिजली विद्यालय में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। विद्यालय परिसर में स्थित लॉन्ड्री में स्टीम बॉयलर के अचानक ब्लास्ट हो जाने से पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल झुमरीतिलैया स्थित केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के संबंध में घायल गुड्डू कुमार रजक ने बताया कि वे सभी ग्रिजली विद्यालय की लॉन्ड्री में कार्यरत हैं। यहां आवासीय छात्रों और शिक्षकों के कपड़ों की धुलाई और प्रेसिंग का कार्य किया जाता है। रोज की तरह मंगलवार को भी सभी कर्मचारी काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान कपड़े प्रेस करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाला स्टीम बॉयलर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया।
ब्लास्ट होते ही बॉयलर में मौजूद खौलता पानी आसपास काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर पड़ा। हादसे में करीब आधा दर्जन कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। कुछ कर्मी धमाके की तीव्रता से कमरे के भीतर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना में लॉन्ड्री रूम में रखा सारा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर विद्यालय के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलों को विद्यालय के निजी वाहन से केयर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि तीन अन्य का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घायल गुड्डू रजक ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित बॉयलर काफी दिनों से खराब था। इसकी शिकायत कई बार प्रबंधन से की गई थी, लेकिन नया बॉयलर लगाने के बजाय उसी पुराने और खराब मशीन की मरम्मत कराकर काम चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
वहीं विद्यालय के संचालक अविनाश सेठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में पांच कर्मचारी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि दो की स्थिति गंभीर है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। घायलों में गुड्डू रजक, लॉन्ड्री इंचार्ज राजेश सिंह, प्रमोद रजक, गौतम रजक और राजेश प्रसाद शामिल हैं। सभी घायल गया (बिहार) के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के अभिभावकों में भी दहशत का माहौल है। कई अभिभावक विद्यालय पहुंचकर अपने बच्चों की कुशलक्षेम की जानकारी ले रहे हैं।

