Araia News:- नेपाल सीमा से सटे अररिया जिले में नशा तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को एसएसबी की 56वीं बटालियन बथनाहा की बाह्य सीमा चौकी पथरदेवा की विशेष गश्ती टीम ने दो युवकों को 50 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक भारत से नेपाल की ओर स्मैक की खेप ले जाने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर एसएसबी की विशेष गश्ती टीम ने पथरदेवा क्षेत्र में नाकाबंदी की। गश्ती टीम को देखते ही दोनों युवक अपनी बाइक से उतरकर भागने लगे और बांस के झुरमुट होते हुए खेतों के रास्ते पानी में कूद गए। हालांकि, टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद जब तलाशी ली गई तो उनके पास से लगभग 50 ग्राम स्मैक बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। दोनों युवकों को एसएसबी कैम्प में लाकर पूछताछ की जा रही है।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों में नशे की तस्करी में सक्रिय हैं और नेपाल में सप्लाई चेन से जुड़े हैं। फिलहाल एसएसबी उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
एसएसबी की सतर्कता से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि सीमा पार नशा तस्करी रोकने में बल के जवान हर समय मुस्तैद रहते हैं। बरामद स्मैक और पकड़े गए दोनों युवकों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंपा जाएगा।

