Araia News:- अररिया जिले की फुलकाहा थाना पुलिस ने एसएसबी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को साढ़े छह किलो गांजा बरामद किया। यह बरामदगी फुलकाहा थाना क्षेत्र के तोप नवाबगंज इलाके से की गई। हालांकि तस्कर मौके से भागने में सफल रहा।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एसएसबी फुलकाहा बीओपी प्रभारी असिस्टेंट कमांडेंट राणा कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही जवानों ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया और गांजे की खेप को बरामद कर लिया। बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई।
बीओपी प्रभारी सहायक कमांडेंट रामकुमार ने बताया कि जब्त किए गए गांजे की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे फुलकाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में नशे की तस्करी को रोकना और युवाओं को नशे की लत से बचाना है।
फुलकाहा थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी पहचान के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है तथा स्थानीय लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।