Siwan News: सीवान में बुधवार को हुए रोड रेज सनसनीखेज गोलीकांड के मामले में पुलिस ने तेज और सख्त कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार शाम की है, जब एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में भाजपा नेता के भगिना हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा तुरंत सक्रिय हो गया। एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत कई थानों की पुलिस को शामिल किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, जिसमें एक संदिग्ध वाहन की पहचान की गई।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू कुमार यादव के रूप में की। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, दबिश के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिस पर आत्मरक्षा में पुलिस को गोली चलानी पड़ी। गोली आरोपी के दोनों घुटनों में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि आरोपी के दोनों घुटनों में गोली आर-पार हो गई थी। हालांकि, इस मुठभेड़ को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों को सख्त संदेश देने की कोशिश की है कि कानून से बचना आसान नहीं है।


