Siwan News: बिहार के Siwan जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब ऑर्केस्ट्रा में फरमाइशी गीत बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में दूल्हे के चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव का है। मृतक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरनाथपुर लक्ष्मीपुर निवासी मनीष कुमार साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनीष कुमार अपने भतीजे की बारात लेकर नगई गांव पहुंचे थे, जहां रिशुन साह के यहां शादी समारोह आयोजित था।
जानकारी के अनुसार, द्वार पूजा की रस्म पूरी होने के बाद बारातियों के मनोरंजन के लिए जलमासा में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान देर रात करीब साढ़े बारह बजे फरमाइशी गीत बजाने को लेकर बारातियों और गांव के कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था।
लेकिन कुछ देर बाद गांव के कुछ युवक दोबारा वहां पहुंचे और अचानक बारातियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने चाकू से हमला शुरू कर दिया, जिसमें मनीष कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और बाराती घायल मनीष कुमार को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इधर, हत्या की खबर मिलते ही दूल्हा पक्ष के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर नगई गांव पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोग आरोपी के घर के सामने ही अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे हैं।
स्थिति को बिगड़ता देख गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों और मृतक के परिजनों को समझाने-बुझाने में लगे हैं ताकि माहौल शांत बना रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


