Araia News:- रानीगंज प्रखंड के रहरिया गांव की बेटी जया सहाय ने यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। गुरुवार को जब जया सहाय अपने गांव पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हर ओर उत्साह और गर्व का माहौल दिखाई दिया।
जया सहाय के सम्मान में प्रो. नवल किशोर सहाय के आवास पर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाईएनपी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार आलोक ने की, जबकि संचालन शिक्षक-साहित्यकार संजय कुमार सिंह सारथी ने किया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. आलोक ने कहा कि “कल तक जया सहाय अपने माता-पिता की बेटी थी, लेकिन आज वह पूरे रहरिया गांव और जिले की शान बन गई है।” उन्होंने कहा कि जब इस क्षेत्र का इतिहास लिखा जाएगा, तो जया सहाय का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. नूतन आलोक ने कहा कि जया ने यह साबित किया है कि बेटियां भी आसमान छू सकती हैं, बशर्ते उन्हें समान अवसर और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे आर्थिक कठिनाइयों से न डरें, अपने बच्चों को हर हाल में शिक्षित करें।
सामाजिक कार्यकर्ता महेश्वरी प्रसाद सिंह ने कहा कि जया सहाय ने पूरे रहरिया समाज का गौरव बढ़ाया है और अब हर घर में बेटियों के प्रति विश्वास और सम्मान और भी मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम में प्रो. प्रमोद कुमार यादव, अवध किशोर सहाय, प्रधानाध्यापक मनोज कुमार और मनीष कुमार ने भी विचार व्यक्त किए। सभी ने कहा कि जया सहाय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं।
समारोह में भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी मौजूद थीं। अंत में उपस्थित लोगों ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर जया सहाय का सम्मान किया।

