518 पुलिस अधिकारी और 1200 जवान संभालेंगे सुरक्षा की कमान, बैग-हेलमेट रखने के लिए 50 रुपये वसूली
Ranchi News: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर राजधानी रांची में क्रिकेट का उत्साह चरम पर है। शुक्रवार सुबह से ही जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के आसपास क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी। स्टेडियम के बाहर सजी अस्थायी दुकानों पर भारतीय टीम की नीली जर्सी, तिरंगे और क्रिकेट से जुड़ी अन्य सामग्री की बिक्री हो रही है। इस बार युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की नंबर 03 और श्रेयस अय्यर की नंबर 96 वाली जर्सी को लेकर दर्शकों में खास आकर्षण देखा जा रहा है।

स्टेडियम के बाहर बैग-हेलमेट रखने के लिए 50 रुपये
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए बैग और हेलमेट रखना परेशानी का कारण बन सकता है। जेएससीए प्रबंधन के अनुसार, स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर बैग या हेलमेट रखने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं की गई है। इसके बावजूद स्टेडियम के बाहर कुछ स्थानीय लोगों ने अस्थायी स्टॉल लगा रखे हैं, जहां प्रति सामान 50 रुपये लिए जा रहे हैं। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे प्रतिबंधित सामान लेकर स्टेडियम न पहुंचें।
दोपहर 3 बजे से मिलेगा प्रवेश
जेएससीए प्रबंधन के मुताबिक, दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर तीन बजे से खोले जाएंगे। प्रवेश के लिए वैध टिकट अनिवार्य है। बच्चों और नवजात शिशुओं के लिए भी टिकट लेना जरूरी होगा। पानी की बोतल, सिक्के, सिगरेट लाइटर, हेलमेट, बैग, डीएसएलआर कैमरा और खाने-पीने की वस्तुएं स्टेडियम के अंदर ले जाने पर रोक रहेगी।
दर्शकों की सुविधा के लिए एमएस धोनी पवेलियन, मीडिया बॉक्स और विभिन्न विंग की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। जगह-जगह दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। दर्शकों को अपने निर्धारित विंग में ही रहना होगा।
सुरक्षा में 518 अधिकारी और 1200 जवान तैनात
मुकाबले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। स्टेडियम के अंदर और बाहर कुल 518 पुलिस पदाधिकारियों तथा 1200 जवानों की तैनाती की गई है। स्टेडियम के भीतर 335 अधिकारी और 850 जवान सुरक्षा संभालेंगे। वहीं, बाहरी परिसर, पार्किंग, जांच बैरिकेड्स और प्रमुख चौराहों पर 183 अधिकारी तथा 350 जवान तैनात रहेंगे। महिला दर्शकों की सुरक्षा और तलाशी के लिए 400 महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
रांची के एसएसपी राकेश रंजन के अनुसार, होटल रेडिसन ब्लू से जेएससीए स्टेडियम तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की प्राथमिकता भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और दर्शकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है। मैच समाप्त होने के बाद दर्शकों की सुरक्षित निकासी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।


