East Champaran News:- पूूर्वी चंपारण जिले के एनएच-28 पर ट्रकों से ओवरलोडिंग के नाम पर अवैध वसूली करने वाले प्रवर्तक अवर निरीक्षक को पीपरा कोठी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी की पहचान परिवहन विभाग, मोतिहारी के प्रवर्तक अवर निरीक्षक हरि शंकर कुमार के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी मृत्युंजय कुमार प्रकाश ने सूचना दी थी कि पीपरा कोठी थाना क्षेत्र में एनएच-28 पर पदाधिकारी ट्रकों से ओवरलोडिंग का बहाना बनाकर अवैध वसूली कर रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि वसूली के दौरान उनके वाहन को रोककर अधिकारी ने तीन हजार रुपये नकद और सात हजार रुपये खाते में ले लिए, कुल दस हजार रुपये की राशि जब्त की गई।
इस सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए उस समय ड्यूटी पर मौजूद सभी संबंधित पदाधिकारियों को बुलाया गया। शिकायतकर्ता ने उनमें से अवैध वसूली करने वाले अधिकारी की पहचान की।
पुलिस ने शिकायत पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और हरि शंकर कुमार को गिरफ्तार कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि इस गिरफ्तारी से अधिकारियों द्वारा पद का दुरुपयोग कर अवैध वसूली करने पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और जांच जारी है।

