Purnia News:- पूर्णिया अब देश के हवाई नक्शे पर अपनी नई पहचान बनाने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे शीशाबाड़ी स्थित एसएसबी मैदान में आयोजित ऐतिहासिक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे पूर्णिया के राजनीतिक इतिहास की सबसे बड़ी सभा माना जा रहा है।
एयरपोर्ट उद्घाटन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर में सुरक्षा और सजावट का खास इंतजाम किया गया है। नए टर्मिनल को रंगीन रोशनी से सजाया गया है, सड़कों को दुरुस्त किया गया है और पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर एसपीजी की टीम पहले ही पहुंच चुकी है।
जनसभा स्थल पर 10 लाख स्क्वायर फीट में पांच विशाल हेंगर बनाए गए हैं। यहां हजारों कुर्सियों की व्यवस्था, बड़े एलईडी स्क्रीन, सीसीटीवी और हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री का मंच तैयार है और उनके हेलीकॉप्टर के लिए तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट उद्घाटन के साथ सीमांचल क्षेत्र को कई बड़े पैकेज भी देंगे। इसमें दिल्ली और मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा, पर्यटन सर्किट का विकास, औद्योगिक क्लस्टर और लॉजिस्टिक हब की स्थापना, किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज और कृषि प्रसंस्करण इकाइयाँ तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसी योजनाएं शामिल होंगी। इन घोषणाओं से पूरे सीमांचल क्षेत्र में रोजगार, पर्यटन और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतनराम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और विजेंद्र यादव सहित एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
पूर्णिया विधायक विजय खेमका ने कहा कि यहां के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी कि एयरपोर्ट शुरू हो। प्रधानमंत्री मोदी ने यह सपना पूरा किया और सीमांचल को विकास की नई उड़ान देने जा रहे हैं।

