Rohtas News:- जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चर्चित चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला उनके नाम के दो विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में दर्ज होने का है।
सूत्रों के अनुसार, रोहतास जिले के करगहर प्रखंड के निवासी प्रशांत किशोर का नाम न केवल करगहर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में है, बल्कि पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी दर्ज पाया गया है। इस पर संज्ञान लेते हुए करगहर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर अशोक प्रसाद ने उन्हें नोटिस जारी किया है और तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने का निर्देश दिया है।
निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार, प्रशांत किशोर का नाम करगहर के मध्य विद्यालय कोनार स्थित मतदान केंद्र संख्या 367 की मतदाता सूची में क्रम संख्या 621 पर दर्ज है। वहीं, पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के संत हेलेन स्कूल बी. रानी शंकरी लेन मतदान केंद्र की सूची में भी उनका नाम मौजूद है।
बताया गया है कि उनके मतदाता पहचान पत्र संख्या IUI 3123718 है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 के तहत किसी भी व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज नहीं किया जा सकता। इस आधार पर चुनाव पदाधिकारी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजते हुए कहा है कि तीन दिन के भीतर जवाब नहीं मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस नोटिस के जारी होते ही बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। विपक्षी दल इसे बड़ा मुद्दा बता रहे हैं, वहीं जन सुराज पार्टी के समर्थक इसे प्रशासनिक गलती करार दे रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशांत किशोर इस पर क्या जवाब देते हैं।

