Ranchi News: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसीबाड़ी खटल से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका का अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। दोनों बच्चों के लापता होने से इलाके में दहशत और परिजनों में गहरी चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस लगातार खोजबीन में जुटी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्चों का पता नहीं चल सका है।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अंश और अंशिका घर से पास की दुकान पर कुछ सामान लाने के लिए निकले थे। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब दोनों बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई जानकारी हाथ नहीं लगी।
शाम होते-होते परिजनों ने धुर्वा थाना पहुंचकर दोनों बच्चों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि बच्चों की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बच्चे दुकान तक तो पहुंचे थे, लेकिन दुकान बंद मिलने के बाद वे आगे निकल गए। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान वे रास्ता भटक गए। पुलिस ने यह भी बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों को शहीद मैदान के आसपास रोते हुए देखा था, जिसके बाद तलाश का दायरा उस इलाके में और बढ़ा दिया गया है।
बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए धुर्वा थाना क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है। दोनों बच्चों की तस्वीरें सभी थानों और सार्वजनिक स्थानों पर साझा की गई हैं। पुलिस आम लोगों से भी अपील कर रही है कि यदि किसी को अंश या अंशिका के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को सूचित करें।

