Khunti News:- खूंटी जिले के तपकारा थाना क्षेत्र अंतर्गत डिगरी गांव में बीते 17 सितंबर को हुए पास्कर भेंगरा हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम गोपला निवासी संदीप गुड़िया (27), डिगरी गांव का खुदू टोपनो (19) और दुर्गा कंडुलना (25) शामिल हैं। इस संबंध में तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि हत्या आपसी विवाद का नतीजा थी। शराब के नशे में तीनों आरोपितों ने पास्कर भेंगरा पर पहले पत्थर से हमला किया और उसके बाद गमछा से गला घोंट दिया। पत्थर से गंभीर रूप से कुचलने के बाद शव को एक पेड़ से बांध दिया गया था ताकि घटना को और भयावह बनाया जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने डिगरी गांव में छापेमारी कर गुरुवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और गमछा बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, रनिया थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल, तपकारा थाना एसआई धनंजय कुमार राय, हवलदार मनोज भगत, हवलदार मुन्ना उरांव, आरक्षी अनूप लकड़ा और अनिश बारला शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

