Saraikela News:- झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने बैंक मित्र से हुई तीन लाख रुपये की लूट की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी का हिस्सा, हथियार, मोबाइल फोन और लैपटॉप सहित कई सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में अमित कुमार महतो, कमलेश महतो, ज्योतिलाल महतो उर्फ ज्योति, राजेश नामता, संजय दास और अभिराम कुम्हार शामिल हैं। इनके पास से 11,900 रुपये नकद, एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ज्योतिलाल महतो, राजेश नामता और संजय दास का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ जिले के कई थानों में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।
एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच अब भी जारी है। इस खुलासे में ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडेय, पुलिस अधिकारी हीरालाल कुमार, विश्वजीत तिवारी और थाना सशस्त्र बल की टीम की अहम भूमिका रही।
घटना 29 सितंबर को हुई थी, जब बैंक मित्र फाल्गुनी गोप बैंक ऑफ इंडिया चौका शाखा से तीन लाख रुपये निकालकर अपने गांव आगशिया लौट रही थीं। इसी दौरान ग्राम बासाहातु के पास तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनके वाहन को टक्कर मारी और उनके सहयोगी दुर्गा उरांव पर हमला कर रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने लगातार प्रयास कर कुछ ही दिनों में इस संगठित अपराध का पर्दाफाश कर दिया।

