Giridih News: जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए सर्च ऑपरेशन में पुलिस और अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पारसनाथ पहाड़ क्षेत्र के जंगलों में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों से इस इलाके में नक्सली गतिविधियों को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही थी।
शनिवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार, एएसपी सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ कमांडेंट कुमार ओमप्रकाश सिंह और डीएसपी कोसर अली ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पीरटांड़ थाना क्षेत्र के खुखरा ओपी अंतर्गत पारसनाथ पहाड़ के पास भाल्कि पहाड़ी और कानेडीह इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को एक छिपा हुआ बंकर मिला, जिसके अंदर करीब 15 फीट नीचे जाकर बीडीडीएस टीम की मदद से हथियार बरामद किए गए।
बरामद सामान में 11 राइफल, छह अलग-अलग मॉडल के हैंड ग्रेनेड तथा वायरिंग तार के दो स्टॉक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार सूचना थी कि इलाके में हार्डकोर नक्सलियों की आवाजाही फिर से बढ़ रही है और वे अपना प्रभाव कायम करने की कोशिश में हैं। इसी आशंका के मद्देनजर यह ऑपरेशन चलाया गया।
एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में बरामद कुछ राइफल पर अंग्रेजी में ‘जीआरडी’ लिखा मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि ये हथियार गिरिडीह के होमगार्ड कैंप से लूटे गए हो सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। कुछ राइफलों के बट टूटे हुए पाए गए हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : जमशेदपुर के युवा उद्यमी कैरव गांधी अपहरण कांड का खुलासा, पंजाब का मास्टरमाइंड गिरफ्तार,इंडोनेशिया तक फैला अपहरण नेटवर्क, पुलिस जांच में सनसनीखेज तथ्य
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में पचंबा थाना क्षेत्र के होमगार्ड कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर लगभग 20 राइफल लूट ली थीं। सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि बरामद हथियार उसी घटना से जुड़े हैं या किसी अन्य जगह से लूटकर यहां छिपाए गए थे। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
इस खबर को भी पढ़ें :Dhanbad : झरिया से सनसनीखेज मामला, दो माह के बच्चे की संदिग्ध मौत, पिता पर हत्या का आरोप

