Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। चिरा चास थाना पुलिस, झारखंड एटीएस (Anti-Terrorism Squad) और बिहार मद्य निषेध इकाई की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब फैक्ट्री का उद्भदेन करते हुए एक अंतरराज्यीय अवैध शराब निर्माण गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। इस कार्रवाई में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध विदेशी शराब के निर्माण और पैकिंग का धंधा कर रहे थे।
चास के एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने रविवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नन्दुआ स्थित गोपाल सिंह के मकान पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान मौके से शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री के साथ 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में सौरभ कुमार सिंह, शिवजी गुप्ता, गणेश गोराई, रितेश कुमार सिंह, उत्तम गोराई, संजीव कुमार, रोहित कुमार, बजरंग स्वर्णकार, विकास कुमार, सन्नी कुमार और चंदन कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 21 कार्टून आइकॉनिक वाइट और 16 कार्टून इंपीरियल ब्लू ब्रांड की शराब (कुल 1563 लीटर), लगभग 360 लीटर स्प्रिट, शराब निर्माण की मशीनें, बोतलें, ढक्कन, स्टिकर, 10 चारपहिया वाहन, तीन मोटरसाइकिल और नौ मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जब्त शराब और सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 17 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में सभी आरोपितों ने स्वीकार किया कि गिरोह का सरगना गोपाल सिंह है, जो झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब की आपूर्ति करता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कई आरोपितों पर पहले से उत्पाद अधिनियम और पॉक्सो से संबंधित मामले दर्ज हैं।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व चास थाना प्रभारी चन्दन कुमार दुबे ने किया, जिसमें राजकपुर सेठ, आनंद प्रकाश लकड़ा, रंजन मिश्रा सहित झारखंड एटीएस और बिहार मद्य निषेध इकाई की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अब गिरोह के अन्य सहयोगियों और आपूर्ति नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

