Bettiah News:- भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने एक बार फिर मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) नरकटियागंज की सी-समवाय भिखनठोरी के जवानों ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर 183.97 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त जांच अभियान भारत-नेपाल सीमा स्तम्भ संख्या 436 के पास चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रहा एक टाटा सोमू वाहन जांच बिंदु पर पहुँचा। संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 13 बोरियों में भरा हुआ गांजा बरामद हुआ। कुल वजन 183.97 किलो पाया गया।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के गहरी गांव निवासी विवेक कुमार (27 वर्ष), पिता अनिल प्रसाद के रूप में हुई है। पूछताछ में विवेक ने स्वीकार किया कि वह यह गांजा नेपाल से भारत लाकर बेचने की योजना में था, जिससे वह मोटी कमाई करना चाहता था।
इस मामले में जब्त गांजा, वाहन और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सहोदरा थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने SSB और पुलिस की तत्परता की सराहना की है। उनका कहना है कि सीमा क्षेत्र में लगातार चल रही ऐसी कार्रवाइयों से तस्करी की घटनाओं में कमी आई है और अपराधियों में खलबली मची हुई है। सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों पर अब प्रभावी अंकुश लग रहा है।
इस खबर को भी पढ़ें : बिहार के सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने रचा इतिहास,लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
इस खबर को भी पढ़ें : पटना के जानीपुर दोहरे हत्याकांड का खुलाशा, एकतरफा प्यार में आशिक ने भाई-बहन की ह/त्या कर जलाया

