Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के पड़वा प्रखंड स्थित सिक्का गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले से आखिरकार पर्दा उठ गया है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद स्पष्ट किया है कि इन मौतों की वजह आर्जीमोन (Argemone) मिले सरसों के तेल का सेवन था, जिससे परिवार के सदस्यों को ड्रॉप्सी (Dropsy) नामक गंभीर बीमारी हो गई।
शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि सिक्का गांव निवासी कुलदीप महतो के परिवार ने जिस सरसों के तेल का इस्तेमाल किया था, उसमें आर्जीमोन के बीज मिले हुए थे। इस मिलावटी तेल के सेवन से परिवार के सदस्यों के शरीर में ड्रॉप्सी रोग विकसित हुआ। बीमारी के कारण पहले पैरों में सूजन आई, जो धीरे-धीरे पूरे शरीर में फैल गई और अंततः पांच लोगों की मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग ने घटना के बाद गांव में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान 195 घरों का सर्वे किया गया और कुल 1,378 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 56 लोगों के हाथ और पैरों में सूजन मिलने पर उनके रक्त के नमूने लिए गए। हालांकि, जांच रिपोर्ट में इनमें किसी में भी ड्रॉप्सी रोग की पुष्टि नहीं हुई।
सिविल सर्जन ने बताया कि आर्जीमोन एक कांटेदार खर-पतवार है, जो पलामू क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पाया जाता है। इसे स्थानीय भाषा में कटैला या पीला धतूरा भी कहा जाता है। सरसों की फसल की कटाई और भंडारण के दौरान इसके बीज सरसों में मिल गए, जिससे तैयार तेल दूषित हो गया। बाद में उसी तेल के इस्तेमाल से यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। मामले की जांच के दौरान कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी परीक्षण के लिए भेजे गए थे, लेकिन उनमें किसी प्रकार की मिलावट नहीं मिली।
गौरतलब है कि इस दुखद घटना की शुरुआत 19 जून को परिवार के मुखिया कुलदीप महतो की मौत से हुई थी। इसके अगले दिन 20 जून को उनकी बेटी बबीता कुमारी का निधन हो गया। 26 जून को दूसरी बेटी इंदु कुमारी की भी मौत हो गई। इन तीनों का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किया गया था। इसके बाद 28 जून को कुलदीप महतो की बहू श्वेता और बेटे नकुल महतो की रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल परिवार के दो अन्य सदस्यों का इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि केवल शुद्ध और प्रमाणित सरसों के तेल का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की असामान्य शारीरिक सूजन या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
:::


