Nawada News:- जिले के रजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मी बिगहा गांव में बुधवार को खेल-खेल में एक बड़ा हादसा हो गया। महज 10 साल का मासूम आर्यन कुमार ननिहाल आया था और यहां खेलते समय पुआल काटने वाली हस्तचालित मशीन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आर्यन, सराय गांव (मेसकौर थाना क्षेत्र) निवासी पप्पू यादव का पुत्र था। वह अपने नाना रामदेव यादव के घर छुट्टी में आया हुआ था। बुधवार दोपहर आर्यन बिचाली काटने वाली मशीन के पास खेल रहा था। अचानक मशीन उसके सिर पर गिर पड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खून निकलने के बाद परिजन उसे आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. परितोष कुमार ने जांच के बाद आर्यन को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण बच्चे की मौत हो गई। जैसे ही चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की, परिजनों में कोहराम मच गया। आर्यन की मां बार-बार बेहोश हो रही थी, जबकि परिजनों और ग्रामीणों की आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे।
ग्रामीणों ने घटना पर गहरी चिंता जताई और लापरवाही को हादसे की वजह बताया। उनका कहना था कि यदि पुआल काटने वाली मशीन को मजबूती से जमीन में गाड़कर रखा गया होता, तो शायद यह दर्दनाक घटना टल सकती थी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। प्रशासन ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। मासूम आर्यन की मौत न केवल उसके परिवार बल्कि पूरे गांव के लिए एक ऐसी त्रासदी है, जिसे कोई भी आसानी से भुला नहीं पाएगा।

