Araia News:- फारबिसगंज थाना क्षेत्र के पटेल चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम में फौजी वर्दी पहनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने एटीएम में रुपये निकालने आए एक युवक को झांसे में लेकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और खाते से 14 हजार रुपये निकाल लिए। हालांकि पीड़ित की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित परवाहा पंचायत के घीवहा वार्ड संख्या–3 निवासी 18 वर्षीय मो. सरवर, पिता मो. निजाम ने फारबिसगंज थाना में दिए आवेदन में बताया कि वह दोपहर करीब तीन बजे अपने पिता के नाम से जारी एटीएम कार्ड से रुपये निकालने एसबीआई एटीएम गया था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति फौजी वर्दी पहनकर एटीएम के अंदर घुसे और पढ़ाई-लिखाई की बातें करते हुए उसे बातचीत में उलझा लिया।
आरोपियों ने युवक से एटीएम का पिन डालने को कहा और 14 हजार रुपये निकालने में मदद करने का झांसा दिया। इसी बीच चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और यह कहकर बाहर निकल गए कि मशीन में पैसे नहीं हैं।
कुछ देर बाद युवक को शक हुआ। वह एटीएम से बाहर निकला तो देखा कि चार लोग सफेद रंग की मारुति कार (संख्या HR15E/9960) से दक्षिण दिशा की ओर भाग रहे हैं। युवक ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया। कटहारा रोड के पास आरोपियों ने कार से उसे धक्का मार दिया और फौजी कॉलोनी की ओर भागने लगे।
पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और चार में से एक आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक, निवासी उजाला नगर, थाना मेहम, जिला रोहतक (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी और कार को फारबिसगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष ने आम लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी अजनबी की मदद न लें, अपना पिन किसी को न बताएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

