Chaibasa news:– जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत पांड्राशाली गांव में अलाव तापने के दौरान साड़ी में आग लगने से झुलसी नवविवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान सुनीता पूर्ति (34) के रूप में हुई है। गुरुवार तड़के इलाज के दौरान उसकी सदर अस्पताल चाईबासा में मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, 21 दिसंबर को ठंड से बचने के लिए सुनीता घर में अन्य महिलाओं के साथ अलाव ताप रही थी। इसी दौरान अचानक उसकी साड़ी में आग लग गई। घबराहट में वह इधर-उधर दौड़ने लगी, जिससे आग और तेजी से फैल गई और वह बुरी तरह झुलस गई।
बताया गया है कि मृतका के पति विक्रम पूर्ति के परिवार में एक बुजुर्ग का निधन हुआ था, जिसके कारण घर के अधिकांश लोग शव दफनाने के लिए कब्रिस्तान गए हुए थे। उसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण सुनीता को गंभीर हालत में सदर अस्पताल चाईबासा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार वह करीब 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर रेफर किया गया, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिजन उसे बाहर ले जाने में असमर्थ रहे और सदर अस्पताल में ही इलाज कराया गया। इसी दौरान गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि सुनीता की शादी महज पांच महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

