चतरा।
नक्सली संगठन भाकपा माओवादियों द्वारा 26 अप्रैल को बुलाए गए भारत बंद के दौरान चाईबासा में रेलवे ट्रैक को उड़ाने के बाद सोमवार की देर रात टंडवा थाना क्षेत्र के लरंगा में कोयला ट्रांसपोर्टिंग में लगी जय मां अम्बे कंपनी की पांच हाइवा गाड़ी को आग के हवाले कर दिया है। जानकारी अनुसार हाईवा वाहन आम्रपाली कोल परियोजना से कोयला लेकर पिपरवार सीएचपी साइडिंग जा रहा था। इस दौरान लरंगा के समीप 25 – 30 की संख्या में आए हथियार बंद माओवादियों ने हाइवा को रोककर उसके ड्राइवर को भगा दिया। इसके बाद माओवादियों ने हाइवा की तेलटंकी में गोली मारकर तेल निकाला और तेल छिड़ककर पांचों हाइवा को आग के हवाले कर दिया। माओवादियों ने एक हाइवा को बीच सड़क पर पलट दिया। चतरा एसपी ऋषभ कुमार झा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
मालूम हो कि भाकपा माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिसिया अभियान के विरोध में भारत बंद का ऐलान किया था।

