Nawada News: जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के खानापुर गांव में शनिवार को घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पत्नी के भाई पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान चैनपुरा गांव निवासी 27 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में हुई है। वह चंद्रमौली सिंह की पत्नी थीं। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मामला पहले भी न्यायालय तक पहुंचा था और दोनों पक्षों ने बांड भी भरा था। इसके बावजूद विवाद लगातार जारी रहा।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस की मदद से पूजा को उसके मायके लाया गया। आरोप है कि देर रात जब पूजा अपने कमरे में सो रही थी, तभी उसका पति चंद्रमौली सिंह वहां पहुंचा और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पूजा के शरीर पर करीब एक दर्जन गहरे घाव लगे, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
बहन की चीख सुनकर उसका भाई नीतीश कुमार बचाने पहुंचा तो आरोपी ने उसके पेट में भी चाकू मार दिया। दोनों घायलों को तत्काल पावापुरी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पूजा कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नीतीश कुमार का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मृतका के पिता उपेंद्र सिंह ने दामाद और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही 10 लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि चार महीने पहले भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था।
पूजा और चंद्रमौली सिंह की शादी वर्ष 2018 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। दंपति की तीन वर्ष की एक बेटी भी है, जिसकी मां की इस दर्दनाक घटना में मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही वारिसलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर हत्या, दहेज प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए विवाद का परिणाम।


