Motihari News: जिले में पुलिस ने पाकिस्तान स्थित आपराधिक और आतंकी नेटवर्क से कथित संपर्क के मामले में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में ढाका थाना पुलिस और जिला पुलिस की टीम ने शनिवार रात गुप्त सूचना के आधार पर बिसरहिया गांव के पास कार्रवाई करते हुए मो. सेयाज आलम को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के मोबाइल फोन से आतंकी गतिविधियों से संबंधित वीडियो, फोटो और देशविरोधी सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार की रात ढाका थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बिसरहिया गांव का एक संदिग्ध व्यक्ति पाकिस्तान स्थित आपराधिक या आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने बिसरहिया गांव के पास छापेमारी की।
बताया गया कि पुलिस टीम को देखते ही एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान मो. सेयाज आलम, पिता समसुल हक, निवासी बिसरहिया, थाना ढाका, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में हुई।
पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की प्रारंभिक जांच में आतंकी गतिविधियों से संबंधित वीडियो, फोटो और देशविरोधी सामग्री व रील्स मिली हैं। बरामद डिजिटल सामग्री को पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सेयाज आलम सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े अली गुज्जर के संपर्क में था। हालांकि, इस संपर्क की प्रकृति और इससे जुड़ी अन्य गतिविधियों की विस्तृत जांच अभी जारी है।
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन में मौजूद डिजिटल सामग्री, सोशल मीडिया अकाउंट और संपर्कों की जांच कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरफ्तार युवक का नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है और उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भूमिका क्या है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है। जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना है।
छापेमारी टीम में सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार, ढाका थाना के पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष राजरूप राय, अपर थानाध्यक्ष मो. खलील, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार और कृष्णमोहन कुमार सहित ढाका थाना एवं डीआईयू मोतिहारी के पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।


