Araria News: अररिया आरएस थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय ईटहरा में सोमवार को बड़ी घटना सामने आई, जहां स्कूल के प्रिंसिपल समसुल होदा पर छात्रा से छेड़खानी का गंभीर आरोप लगा। आरोपों से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रिंसिपल को स्कूल परिसर में ही घंटों तक बंधक बनाकर रखा और पुलिस के पहुंचने से पहले जमकर उनकी पिटाई भी कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, प्रिंसिपल स्कूल की एक नाबालिग छात्रा को चॉकलेट का लालच देकर उससे अश्लील हरकत करने की कोशिश कर रहे थे। छात्रा ने विरोध किया और घर जाकर पूरी बात अपने अभिभावकों को बताई। इसके बाद अभिभावक और ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य कक्ष में प्रिंसिपल को बंद कर दिया।
सूचना मिलने पर आरएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाया और प्रिंसिपल को हिरासत में लेने का प्रयास किया, लेकिन बाहर मौजूद सैकड़ों की भीड़ ने पुलिस के सामने ही आरोपी पर हमला कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ से प्रिंसिपल को बचाया और थाना ले गई।
स्थानीय नगर पार्षद श्याम कुमार मंडल ने बताया कि ग्रामीणों ने पहले भी प्रिंसिपल पर छात्राओं से अनुचित हरकतें करने का आरोप लगाया था, लेकिन शिक्षा विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था।
पुलिस पदाधिकारी अंकुर कुमार ने कहा कि प्रिंसिपल को बंधक बनाए जाने की सूचना पर उसे मुक्त कराया गया है। फिलहाल मामले में लिखित शिकायत का इंतजार किया जा रहा है। शिकायत प्राप्त होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं आरोपी प्रिंसिपल समसुल होदा ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे बच्चियों को प्रोत्साहन देने के लिए चॉकलेट देते थे, न कि किसी गलत नीयत से।

