Nalanda News:- बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को बड़ी घटना घटी, जब ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया पर नाराज ग्रामीणों ने हमला कर दिया। दोनों नेता हाल ही में गांव में हुई 9 लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे।
जैसे ही मंत्री और विधायक गांव में पहुंचे, वहां मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और नेताओं को दौड़ा लिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों को लगभग एक किलोमीटर तक भागकर जान बचानी पड़ी।
हमले में उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ग्रामीण प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि समय पर कार्रवाई न होने से कई लोगों की जान गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू हो गई है।
इस घटना पर जदयू के जिला प्रवक्ता धनंजय देव ने कहा कि मंत्री पर हमला नहीं हुआ, बल्कि लोग विधायक की कार्यशैली से नाराज थे। उन्होंने दावा किया कि किसी असामाजिक तत्व ने ईंट फेंकी, जिससे मंत्री के स्कॉर्ट में तैनात एक सिपाही का सिर फट गया।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस अधिकारी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। घटना ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। विपक्ष ने इसे सरकार की नाकामी करार देते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित परिवारों से मिलने का यह दौरा नेताओं के लिए भारी पड़ गया और इस घटना ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।

