Patna News:- बिहार में हावड़ा–पटना–दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पर शनिवार देर रात बड़ा रेल हादसा हुआ। जमुई–जसीडीह रेलखंड के सिमुलतला स्टेशन के समीप टेलवा बाजार हाल्ट के पास सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कई डिब्बे पुल से नीचे बड़ुआ नदी में जा गिरे, जबकि करीब एक दर्जन डिब्बे आपस में टकराकर डाउन लाइन पर आ गए।
दुर्घटना के बाद रात करीब 11:30 बजे से अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया। इस कारण कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर जहां-तहां खड़ी रह गईं। रात में गुजरने वाली करीब दो दर्जन ट्रेनों के प्रभावित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर अप लाइन पर जा रही थी। इसी दौरान पुल संख्या 676 के पास अचानक ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। मालगाड़ी के सभी डिब्बे पुल के आसपास ही दुर्घटनाग्रस्त हो गए, जबकि इंजन करीब 400 मीटर आगे टेलवा बाजार हाल्ट के पास जाकर रुका। राहत की बात यह रही कि दोनों इंजन सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मालगाड़ी के चालक कमलेश कुमार और गार्ड मनीष कुमार पासवान ने सिमुलतला स्टेशन को जानकारी दी। इसके बाद देर रात करीब एक बजे स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार, आरपीएफ ओपी प्रभारी रवि कुमार और पीडब्ल्यूआई रंधीर कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
आसनसोल रेल मंडल के पीआरओ ने बताया कि राहत एवं मरम्मत कार्य के लिए तकनीकी टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। मालगाड़ी में कुल 42 डिब्बे थे, जिनमें से 23 डिब्बे पटरी पर सुरक्षित हैं, जबकि शेष डिब्बे दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं। मालगाड़ी आसनसोल से सीतामढ़ी जा रही थी।
रेल प्रशासन द्वारा ट्रैक बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक साफ होने के बाद चरणबद्ध तरीके से रेल परिचालन बहाल किया जाएगा। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

