Dumka News:- दुमका एयरपोर्ट स्थित सोलर प्लांट में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब नौ बजे एयरपोर्ट परिसर में स्थित मुख्य सोलर केबिन में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जो धीरे-धीरे फैलते हुए सोलर पैनल तक पहुंच गई। घटना में करीब दो से तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही प्लांट से धुआं उठता देखा गया, एयरपोर्ट के अधिकारियों ने तत्काल नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
एयरपोर्ट कर्मियों का कहना है कि अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था, क्योंकि आग धीरे-धीरे उस दिशा में फैल रही थी जहां छह प्रशिक्षण विमान खड़े थे। हालांकि, सतर्क कर्मचारियों ने तुरंत सभी विमानों को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
एयरपोर्ट प्रशासन ने आग लगने की घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि किसी अधिकारी ने आधिकारिक बयान देने से परहेज किया, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
दमकल विभाग के कर्मियों ने बताया कि अगर कुछ देर की देरी होती तो पूरी सोलर यूनिट और आसपास का इलाका लपटों की चपेट में आ सकता था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सोलर प्लांट की क्षति का आकलन किया जा रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब एयरपोर्ट परिसर में इस तरह की तकनीकी खराबी से नुकसान हुआ हो। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित जांच और मेंटेनेंस से ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।

