New Delhi :- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार के वैशाली जिले में हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एजेंसी ने बुधवार को की गई छापेमारी में एक आरोपित के घर से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और नकदी बरामद की है।
एनआईए अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई हथियार तस्करी से जुड़े 2024 के मामले के सिलसिले में की गई। टीम ने वैशाली जिले के एक गांव में आरोपित संदीप कुमार सिन्हा उर्फ छोटू लाल के घर पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक 9 एमएम पिस्तौल, 18 जिंदा कारतूस, दो पिस्तौल मैगजीन, एक डबल बैरल 12 बोर बंदूक, 35 जिंदा कारतूस और 4.21 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
एनआईए के अनुसार, संदीप कुमार मुख्य आरोपी विकास कुमार का करीबी सहयोगी है और बिहार में सक्रिय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का अहम सदस्य है। बताया गया कि यह नेटवर्क नागालैंड से बिहार के विभिन्न जिलों तक हथियारों की आपूर्ति करता था।
इस मामले की जांच शुरू में बिहार पुलिस ने की थी, जब एक एके-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। बाद में अगस्त 2024 में इस केस को एनआईए ने अपने हाथ में लिया। तब से एजेंसी ने कई तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विकास कुमार, सत्यंम कुमार, देवमणि राय उर्फ अनीश और मोहम्मद अहमद अंसारी शामिल हैं। इनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
हाल ही में एक और आरोपी मंजूर खान को भी गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में पटना के बेउर जेल में बंद है।
एनआईए अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए हथियारों और नकदी के जरिए यह साबित होता है कि नेटवर्क काफी सक्रिय था और बिहार में हथियारों की अवैध सप्लाई लगातार जारी थी। एजेंसी ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।

