Palamu News:- पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के लोइंगा गांव में मिली नाबालिग की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह घटना प्रेम संबंधों के शक से जुड़ी निकली। पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपी प्रेमी अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
दरअसल, 17 अक्टूबर को लोइंगा गांव के तालाब से 14 वर्षीय लड़की का शव बरामद हुआ था। जांच में पता चला कि उसकी हत्या 16 अक्टूबर की रात में हुई थी। आरोपी अरुण को शक था कि लड़की किसी दूसरे युवक से बात कर रही है। इसी शक के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर अरुण ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में उसने शव को पास के तालाब में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
पुलिस ने बताया कि हत्या से पहले आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल्स, मोबाइल डेटा और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। अरुण की निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से मृतका की चप्पल, आरोपी के कपड़े और तालाब से लड़की का मोबाइल फोन बरामद किया।
मृतका के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। घटना वाली रात वह अपनी मां से यह कहकर घर से निकली थी कि वह चचेरी बहन के घर सोने जा रही है, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। अगले दिन गांव के तालाब से उसका शव मिलने पर सनसनी फैल गई।
एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। टीम में पाटन थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय, किशुनपुर ओपी प्रभारी नीलेश कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अब चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटी है।

