Kishanganj News: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 290.07 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद की। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में एसपी संतोष कुमार ने शनिवार को एसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा करबला चौक के पास की गई। गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी यातायात राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई, विशेष कार्य बल, मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की।
इसी दौरान एक महिला को संदेह के आधार पर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 186.19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के मोजमपुर निवासी शैली खातून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कथित तौर पर कालियाचक से हेरोइन लेकर किशनगंज में डिलीवरी देने पहुंची थी।
दूसरी कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के सिंहिया कुलामनी में हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने अकबर आलम के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को 103.88 ग्राम हेरोइन/स्मैक मिली। पुलिस ने अकबर आलम को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर रूईधासा निवासी अभिषेक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 290.07 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 1.28 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। बरामद मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के साथ आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ड्रग नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को भी पढ़ें : बेतिया में छठियार समारोह में घुसी तेज रफ्तार बस, 5 की मौत,मची चीख-पुकार


