Nawada News:- नवादा नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया मोहल्ला स्थित हनुमान नगर कॉलोनी में रविवार की रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सेवानिवृत्त नर्स मांडवी कौशिक के घर से लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के गहने और 10 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। मांडवी कौशिक के परिजनों ने बताया कि उनके पुराने घर में नकदी और जेवर रखे हुए थे, जबकि परिवार के लोग नए मकान में थे। रात में उनके पति पुराने घर में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान चोरों ने पुराने घर में घुसकर अलमीरा से नगदी और गहने उड़ा लिए।
चौंकाने वाली बात यह है कि घर के किसी भी ताले को नहीं तोड़ा गया, और न ही गोदरेज का लॉक टूटा था। इससे पुलिस को शक है कि चोरी की वारदात किसी परिचित या अंदरूनी व्यक्ति द्वारा की गई हो, जिसे घर और चाबी के स्थान की पूरी जानकारी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने परिवार के कुछ सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन रातों-रात इतनी बड़ी चोरी पहली बार हुई है।

