सुपौल।
मधेपुरा कोर्ट में र्वचुअल पेशी के बाद मंगलवार की देर रात को जाप नेता व पूर्व सांसद पप्पू यादव को बीरपुर कारा क्वारंटाइन जेल भेज दिया गया। जबकि जेल की कुव्यवस्था को लेकर पूर्व सांसद ने वहां बुधवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी है। ट्वीटर के जरिए भूख हड़ताल के दौरान पूर्व सांसद ने अपना दर्द साझा करते हुए कहा कि बीरपुर जेल में नाचू शुद्ध पानी है ना वॉशरूम। वो खुद डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीज है। उनके पांव का ऑपरेशन भी हुआ है। बैठने में दिक्कत होती है लेकिन शौचालय में कमोड नहीं है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण के चल रहे दवा, ऐंबुलेंस और अस्पताल माफियाओं के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। भूख हड़ताल के संबंध में बीरपुर जेल सुपरिटेंडेंट राजव कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने किसी भी तरह का बयान देने से इनकार किया है। मालूम हो कि मधेपुरा जिला मुरलीगंज थाना में वर्ष 1989 में मिडिल चौक निवासी शैलेंद्र यादव ने पूर्व सांसद पर अपहरण का मामला दर्ज कराया था। जिसमें वे फरार चल रहे थे। इस मामले में 22 मार्च को सुनवाई करते हुए मधेपुरा कोर्ट ने गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है।

