New Delhi News: देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन इंडिगो ने पिछले एक सप्ताह से जारी ऑपरेशनल संकट को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया है। कंपनी ने सोमवार को दावा किया कि अब उसकी उड़ानों का संचालन सामान्य स्थिति में लौट रहा है। एयरलाइन ने जहां आज 500 फ्लाइट रद्द कीं, वहीं पूरे नेटवर्क में 1,800 से अधिक उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है।
इंडिगो के अनुसार, हालिया व्यवधानों के दौरान यात्रियों का जो सामान फंसा हुआ था, उनमें से करीब 9,000 बैगों में से 4,500 बैग यात्रियों को लौटा दिए गए हैं। शेष बैग अगले 24 से 36 घंटे के भीतर सौंपे जाने की उम्मीद है। कंपनी ने देरी और कैंसिलेशन के कारण यात्रियों को अब तक 827 करोड़ रुपये का रिफंड भी प्रोसेस कर दिया है, जबकि बाकी रिफंड जारी हैं।
एयरलाइन ने बताया कि पिछले एक हफ्ते में फंसे यात्रियों को होटल, कैब और लगेज डिलीवरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इंडिगो का कहना है कि संचालन को दुरुस्त करने के लिए फ्लाइट कैंसिलेशन, रिफंड और रीबुकिंग की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कंपनी ने कहा कि उसके ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) में भी सुधार हुआ है और यह अब नेटवर्क स्तर पर 91 प्रतिशत तक पहुँच गया है।
इस बीच, DGCA की ओर से गठित हाई-लेवल कमेटी ने इंडिगो के शीर्ष अधिकारियों को समन जारी किया है। समिति हाल की गड़बड़ियों, FDTL नियमों और सुरक्षा अनुपालन की विस्तृत समीक्षा करेगी।
इंडिगो प्रवक्ता ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की ताजा स्थिति ऑफिशियल वेबसाइट पर चेक कर लें। प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करती है और आश्वस्त करती है कि जल्द ही सभी संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके सभी ऑपरेशन FDTL तथा अन्य सुरक्षा नियमों के पूरी तरह अनुरूप हैं और वे संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय में काम कर रहे हैं।

