Nalanda News:- भारतीय टीम ने रविवार को एशिया कप मेंस हॉकी 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। नालंदा में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात दी। इस शानदार जीत के साथ ही भारत ने 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
फाइनल मुकाबले में भारत के दिलप्रीत सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। वहीं, अमित रोहिदास और सुखजीत सिंह ने एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। कोरिया की ओर से डेन सोन ने एकमात्र गोल दागा। मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया और पहले ही मिनट में बढ़त बना ली, जिसके बाद कोरियाई टीम दबाव में आ गई।
दिन के अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने चीन को 4-1 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। चीन को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं, जापान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 6-1 से हराया और पांचवां स्थान सुरक्षित किया। बांग्लादेश की टीम छठे स्थान पर रही।
फाइनल मैच से पहले उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने पूरे स्टेडियम को रोमांचित कर दिया और दर्शक जीत का जश्न मनाते नजर आए।
विशेषज्ञों के अनुसार यह जीत भारत की युवा हॉकी टीम के आत्मविश्वास को नई उड़ान देगी और आने वाले विश्व कप में भारत को पदक का प्रबल दावेदार बनाएगी।

