Patna News:- बिहार के चर्चित आपराधिक मामलों में शामिल कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पटना पुलिस और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार को कोलकाता के सैटेलाइट टाउनशिप इलाके से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार आरोपितों की पहचान चंदन मिश्रा की हत्या में सीधे तौर पर शामिल होने के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, चंदन मिश्रा की हत्या के बाद ये आरोपी पटना से फरार होकर कोलकाता में छिपे हुए थे। उनके मोबाइल टावर लोकेशन की मदद से उनकी मौजूदगी की पुष्टि हुई, जिसके बाद तड़के छापेमारी कर सभी को पकड़ा गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से आरोपितों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। बिहार पुलिस अब उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पटना लाने की प्रक्रिया में है।
हालांकि पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करने से इनकार किया है और कहा कि फिलहाल इस तरह की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बता दें कि कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की गुरुवार को पटना के बेली रोड स्थित पारस एमआरआई अस्पताल में इलाज के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह बक्सर जिले का निवासी था और उस पर हत्या, डकैती, बैंक और आभूषण की दुकानों में लूट जैसे 20 से ज्यादा संगीन मामले दर्ज थे।
चंदन मिश्रा को 2014 में कोलकाता एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था और उसे बक्सर सेंट्रल जेल भेजा गया था। हाल ही में इलाज के लिए बेउर सेंट्रल जेल से 15 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था, जिसकी अवधि 18 जुलाई को समाप्त होनी थी।
यह गिरफ्तारी अगर सत्य पाई जाती है तो चंदन मिश्रा मर्डर केस में एक बड़ी सफलता मानी जाएगी।

